अतरौली के केएमवी इंटर कॉलेज के वीआईपी पंडाल, जनता पंडाल से लेकर गेट के बाहर तक पूरे दिन रामधुन बजती रही। बीच-बीच में श्रीराम मंदिर आंदोलन की यादें ऑडियो और वीडियो से ताजा कराई जाती रहीं। इसके लिए यहां कई स्क्रीन लगाई गई थी, जिसमें मंदिर आंदोलन के दौरान कल्याण सिंह के साथ सीएम योगी की सक्रियता को रेखांकित किया जा रहा था। कल्याण के प्रति योगी की श्रद्धा की भी याद दिलाई जा रही थी।
जनता पंडाल के पास ही कॉलेज की दीवार पर बड़ी होर्डिंग लगी थी, जिसमें एक काल्पनिक वार्ता को प्रदर्शित किया था। इसमें पहली तस्वीर में प्रभु श्रीराम कल्याण सिंह से कह रहे थे ‘मेरे प्रिय भक्त मैं और तुम मिलकर स्वर्ग से भव्य राम मंदिर का उद्घाटन देखेंगे’। दूसरी तस्वीर में कल्याण सिंह कह रहे थे कि ‘कोई पश्चाताप नहीं, कोई दुख नहीं, कोई खेद नहीं, बस केवल मेरे प्रभु श्रीराम’।
पंडाल में चलाई जा रही ऑडियो-वीडियो में कल्याण सिंह को श्रीराम मंदिर का आंदोलन का नायक बताया जा रहा था, जिसमें सीएम योगी को भी मंदिर आंदोलन के प्रमुख लोगों में शामिल बताया जा रहा था। उनकी गोरक्षधाम पीठ के मंदिर आंदोलन में सक्रिय रहने की कहानियां सुनाई जा रही थीं। कल्याण सिंह के बीमार होने, उनका इलाज कराने, अंतिम संस्कार, तेरहवीं में सीएम योगी की सक्रियता की सराहना की जा रही थी। पंडाल में लगी स्क्रीनों में कल्याण सिंह के पुराने वीडियो चल रहे थे। इन फिल्मों में सीएम योगी को कल्याण सिंह के सबसे करीबी लोगों में प्रदर्शित किया गया। सभी पंडालों में रामधुन बजती रही। मुख्य वीआईपी पंडाल से लेकर जनता पंडाल तक प्रदेश के सूचना विभाग की ओर से इस तरह की वीडियो ऑडियो चला कर सभी लोगों को मंदिर आंदोलन कल्याण और सीएम योगी की कुछ पुरानी यादें ताजा कराई जाती रहीं।