1980 के मास्को ओलंपिक के बाद टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारतीय हॉकी (पुरुष) टीम शानदार खेल रही है। भारतीय टीम की जीत की खुशी अलीगढ़ में मनाई गई। हॉकी खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। अब हर किसी के जुबां पर बस यही है कि हॉकी में दिल मांगे ओलंपिक मेडल।
क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन को हराकर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का रास्ता तय कर लिया है। भारत की जीत के लिए लगातार खेल प्रेमी व पूर्व हॉकी खिलाड़ी दुआएं व प्रार्थना कर रहे थे। रविवार शाम को मैच शुरू होते ही खेल प्रेमी व खिलाड़ी टीवी के सामने बैठ गए। भारत की तरफ से ब्रिटेन के गोल पोस्ट में गेंद पहुंचते ही तालियों की गड़गड़ाहट शुरू हो जाती। तीन गोल पर खूब तालियां बजीं।
भारत की जीत से मुझे बहुत खुशी हुई है। चार दशक के बाद देश को गोल्ड मेडल मिलने की उम्मीद जग गई है। - मोहम्मद शैदा, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी हॉकी
ग्रेट ब्रिटेन को हराने पर देश के हॉकी खिलाड़ियों को बधाई। सेमीफाइनल व फाइनल में भी इसी तरह हमारी जीत होगी। - अनीसुर्रहमान खान, डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स, एएमयू
रविवार को हॉकी में जीत का सूरज उदय हुआ। अरसे से चली आ रही ओलंपिक मेडल की आस टोक्यो ओलंपिक में पूरी होगी। - एसएम राशिद, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी हॉकी
सिंधु के कांस्य पदक जीतने पर प्रशिक्षु शटलर खुश
टोक्यो ओलंपिक में शटलर पीवी सिंधु के कांस्य जीतने पर प्रशिक्षु शटलरों ने खुशी जताई है। महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट पर खिलाड़ियों को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया है। रानी प्रकाश ने कहा कि सिंधु लगातार खेल को नई ऊंचाइयां प्रदान कर रही हैं। बैडमिंटन कोच विकास चौहान ने कहा कि दिग्गज खिलाड़ी पीवी सिंधु पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ओलंपिक में दो पदक जीते हैं। इस अवसर पर प्रशिक्षु शटलर क्रिस शर्मा, अक्षत राघव, रजत मोटवानी, मिलन शर्मा, अनुकृति शर्मा, तुषार अग्रवाल, आयुष चौधरी, समृद्धि जैन आदि मौजूद रहे।