तेल डालकर आग लगाने पहुंचे लालाराम शर्मा और उसका बेटा रूप किशोर।
- फोटो : CITY OFFICE
लाल डिग्ग्गी स्थित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में तहसील कोल के कस्तली गांव निवासी लालाराम एवं उनके पुत्र रूप किशोर ने ट्यूबवेल के कनेक्शन को लेकर हंगामा किया। उन्होंने खुद पर केरोसिन उड़ेल कर बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता की गाड़ी को पकड़ लिया। उस समय अधीक्षण अभियंता कहीं जाने के लिए गाड़ी में बैठे थे। माचिस जलाने से पहले ही वहां मौजूद कर्मचारियों व लोगों ने पिता-पुत्र को काबू में कर लिया।
किसान लालाराम का कहना है कि खेत में उनका ट्यूबवेल चल रहा है। उनके भाई विनोद कुमार शर्मा अपनी पत्नी के नाम से ट्यूबवेल का कनेक्शन ले रहा है। वह उनके ट्यूबवेल से करीब 30-40 मीटर दूरी पर बोरिंग कराना चाहता है। अगर नजदीक बोरिंग हुई तो उनकी बोरिंग खराब होने की आशंका है। नियमानुसार, एक बोरिंग की दूरी दूसरे से 200 मीटर होनी चाहिए। इससे संबंधित मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। लालाराम का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी आज उनका कनेक्शन काटने गए थे और उनके भाई को कनेक्शन दे रहे हैं।
अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सारस्वत ने बताया कि भाई-भाई की लड़ाई में पिता-पुत्र यहां प्लास्टिक के केन में केरोसिन लेकर आ गए थे। गलत तरीके से दबाव बना रहे थे। शरीर पर केरोसिन उडे़लकर मेरी गाड़ी से चिपक गए। कर्मचारियों की सतर्कता से दुर्घटना टल गई। उन्होंने कहा कि अभी मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को दोनो पक्षों को बुलाया गया है। सभी को साथ बैठाकर समस्या का समाधान कराएंगे।