चार गांव के प्रशासकों एवं सचिवों द्वारा 25 दिसंबर से 25 जून के मध्य छह माह में लाखों के भुगतान का मामला सामने आया है। शासन स्तर से विभागीय वेबसाइट पर यह मामला पकड़ में आने के बाद जांच के आदेश जारी हो गए हैं। जांच की जिम्मेदारी डीपीआरओ समेत चार जिलास्तरीय अधिकारियों को सौंपी गई है।
25 दिसंबर 2020 को प्रधानों का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद सभी ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी। इस दौरान टप्पल ब्लॉक की ग्राम पंचायत टप्पल, इगलास की कारस, तोछी एवं जवार में विकास कार्यों के एवज में करीब 40-40 लाख रुपये के भुगतान का मामला सामने आया। शासन स्तर पर पंचायती राज विभाग की भुगतान वेबसाइट के निरीक्षण में पता चला कि प्रशासक एवं सचिवों की मिलीभगत से 25 दिसंबर 2020 से 25 जून 2021 के मध्य इन पंचायतों में सर्वाधिक भुगतान हुआ है। शासन ने इसकी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि जांच की जिम्मेदारी उन समेत चार जिला स्तरीय अधिकारियों को दी गई है। इनमें डीपीआरओ, डीसी एनआरएलएम, जिला विकास अधिकारी एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शामिल हैं।