क्वार्सी क्षेत्र के नगला पटवारी वहीद नगर में रविवार को दो हजार रुपये की उधारी मांगने गए युवक को चाकू घोंपकर जख्मी कर दिया गया। बाद में कोरोना महामारी के दौर में बेहतर इलाज न मिलने पर युवक की मंगलवार को मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने उसी समय हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब इस मुकदमे को हत्या में तरमीम कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीद नगर निवासी 30 वर्षीय युवक आदिल की पत्नी रुकसाना का आरोप है कि उसके शौहर से पड़ोसी रिजवान ने दो हजार रुपये उधार लिए थे। रविवार को आदिल रुपये मांगने गया था। इसी दौरान हुए विवाद में रिजवान, निजाम, सानिल आदि ने आदिल को शराब पिलाकर चाकू से हमलाकर जख्मी कर दिया। पहुंची पुलिस ने आदिल को जेएन मेडिकल कालेज में भरती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। बाद में उसे काफी प्रयास के बाद भी अन्य जगह इलाज नहीं मिल सका और मंगलवार सुबह आदिल की घर पर ही मौत हो गई। रुकसाना का आरोप है कि हमले का मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी आरोपी पकड़े नहीं गए थे। इधर, मंगलवार को मौत की खबर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। क्वार्सी इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में हत्या का मुकदमा तरमीम किया जा रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है।