कोरोना काल में सक्रिय हैकर लगातार लोगों को ऑनलाइन ठग रहे हैं। इस तरह की शिकायतों पर जिला पुलिस की साइबर सेल द्वारा रुपये वापस कराए जा रहे हैं। ऐसे ही दो मामलों में मंगलवार को भी रुपये वापस कराए गए हैं।
महानगर के सासनी गेट पला रोड निवासी महेश शर्मा ने 12 मई को एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर उससे ऑनलाइन 30 हजार रुपये की ठगी हुई। हैकरों ने यह रुपये ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर कराए।
इस मामले में शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने संबंधित पेमेंट गेटवे/इंटरमिडेट्री से संपर्क किया और रुपये निर्गत होना रुकवाया। सत्यापन के बाद तीस हजार रुपये पीड़ित के खाते में मंगलवार को वापस आ गए।
इसी तरह एक मई को आशीष कुमार राठौर निवासी पंचनगरी थाना सासनी गेट ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि एटीएम क्लोन के जरिये उसके खाते से 15700 रुपये निकाले गए हैं। इस पर भी साइबर सेल ने मंगलवार को पीड़ित के खाते में पूरी रकम वापस कराई है।