केला नगर पत्थर वाली गली एक दूसरे को पीटते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के केलानगर पत्थर वाली गली में बुधवार देर रात चारपाई से स्कूटी टकराने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान मारपीट के बीच जमकर लाठी डंडे चले और हमलावर धमकाते हुए भाग गए। इस झगड़े में दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए भेजा है।
पत्थर वाली गली निवासी नूर का भांजा मारुख देर रात स्कूटी लेकर बाजार से घर लौट रहा था। गली में एक चारपाई बिछी हुई थी, जिससे मारुख की स्कूटी टकरा गई। बस इसी विवाद में तनातनी हो गई। उस समय तो मामला किसी तरह शांत हो गया। मगर कुछ देर बाद फिर दूसरे पक्ष के लोग नूर के घर पर हमलावर हो गए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बचाव में मोहल्ले के लोग आए तो हमलावरों ने लाठी डंडों से जमकर मारपीट की। पूरी मारपीट सीसीटीवी में कैद हुई है। इस दौरान चीख पुकार का माहौल बना रहा। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग गए। इस झगड़े में नूर, शानू, हसन, अली समेत पांच लोग घायल हो गए। देर रात घायलों को इलाज के लिए दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार मामले में कार्रवाई की जा रही है।