एसएसपी मुनिराज जी बृहस्पतिवार को अपराध समीक्षा बैठक में थानेदारों व क्षेत्राधिकारियों पर जमकर बरसे। उन्होंने साफ कहा कि जो 70 फीसदी से कम काम करेगा, उसे थाने के चार्ज से तत्काल बिना किसी नोटिस के हटा दिया जाएगा। अब तक की निरोधात्मक कार्रवाई, धरपकड़ अभियान आदि के प्रति असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि होली सुकून से निपटाकर एक सप्ताह में काम सुधार लें। वरना परिणाम भुगतने को तैयार रहें।
शाम को पुलिस लाइन सभागार में उन्होंने समीक्षा में पाया कि होली और पंचायत चुनाव को लेकर थाना स्तर पर निरोधात्मक कार्रवाई, खुराफातियों की धरपकड़, अवैध धंधे करने वालों पर शिकंजा कसने का अभियान बेहद कमजोर है। प्रगति रिपोर्ट ज्यादातर थानों की अच्छी नहीं है। यह आंकड़े देख एसएसपी के तेवर बेहद तल्ख हो गए। उन्होंने सामूहिक रूप से सभी को जमकर फटकारते हुए साफ लहजे में कहा कि अगर एक सप्ताह में अभियान का 70 फीसदी परिणाम सामने नहीं आया तो एक-एक कर थानेदारों पर कार्रवाई शुरू होना तय समझो। इससे पहले उन्होंने होली सुकून से निपटाने के लिए निर्देश दिए। कहा कि पहले होली कराएं, फिर पंचायत चुनाव में जुट जाएं। इस मौके पर एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी देहात शुभम पटेल सहित सभी सीओ, एसओ/इंस्पेक्टर मौजूद रहे।
आईजी ने जनप्रतिधियों संग किया संवाद
अलीगढ़। जिले के सालाना मुआयने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को आईजी रेंज पीयूष मोर्डिया ने पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों संग बैठक कर समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान मौजूद विधायक संजीव राजा, अनिल पाराशर व रवेंद्रपाल सिंह ने आईजी से क्षेत्र की समस्याओं, जरूरतों व पुलिस महकमे से पैदा होने वाले संवाद के अभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस पर आईजी ने उन्हें हर समस्या के हर संभव समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर एसएसपी मुनिराज जी सहित सभी अपर पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। इसके बाद आईजी व एसएसपी खैर थाने का निरीक्षण करने भी गए और वहां समस्याओं व शिकातयों के निस्तारण पर जोर दिया।