महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र में नौ वर्षीय मासूम की मौत की गुत्थी सुलझ नहीं पा रही है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अध्ययन डॉक्टरों के पैनल से कराने का अनुरोध किया गया है, जिस पर सीएमओ ने 28 सितंबर को पैनल बैठाना तय किया है।
नलकूप कॉलोनी में सुभाष चंद्र की नौ वर्षीय बेटी जाह्नवी की शनिवार शाम मौत पर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था। उस समय परिवार ने आत्महत्या किया जाना बताया था, मगर रविवार को तीन डॉक्टरों डॉ. विनीत सक्सेना, डॉ. अभिषेक गुप्ता व डॉ. गीतांजलि राठौर के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया तो मौत का कारण हत्या बताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने नए सिरे से मामले की जांच की है। मगर, तस्वीर साफ नहीं हो पा रही। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा गया है। जिसमें कहा गया कि डॉक्टरों का पैनल गठित कर पीएम रिपोर्ट पर पुन: अध्ययन कराने को कहा गया है। इस पर सीएमओ ने 28 तारीख नियत की है। इंस्पेक्टर बन्नादेवी धीरेंद्र मोहन के अनुसार 28 को पैनल बैठना तय हुआ है। उसके बाद ही तस्वीर साफ होगी।