अलीगढ़ विकास प्राधिकरण में लेनदेन का वायरल वीडियो प्रकरण शासन स्तर तक पहुंच गया है। प्रमुख सचिव आवास ने इस मामले में दूरभाष पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष से वार्ता कर जानकारी ली है। यही नहीं आरोपी जेई व चालक के खिलाफ अब तक हुई जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। इधर वीसी ने प्रेस से रूबरू होते हुए मामले की गहन जांच कराने की बात कही है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें प्राधिकरण के एक जेई किसी व्यक्ति से रुपये लेते दिखाई दे रहे थे। मामले की जानकारी मिलते ही एडीए प्रशासन हरकत में आ गया। आवाज से पता चला कि पैसे देने वाला व्यक्ति वीसी का चालक है। दोनों से पूछताछ के बाद पता चला कि यह व्यक्तिगत लेनदेन का मामला है।
चालक ने जेई से कई किश्तों में मकान व बाइक खरीदने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। पैसा वापसी के लिए दबाव बनाने पर चालक ने पैसा बाइक बेचकर वापस किया था। बृहस्पतिवार को प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार ने वीसी से मामले की जानकारी ली। इसके बाद प्रेस से बात करते हुए प्राधिकरण उपाध्यक्ष मनमोहन चौधरी ने कहा कि प्रकरण की सचिव से जांच कराई जा रही है। आरोपी जेई से प्रवर्तन कार्य छीन लिया गया है। चालक को ओएसडी से संबद्ध कर दिया गया है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।