होम क्वारंटीन किए गए लोग घरों का कूड़ा बाहर नहीं फेंकेंगे। न ही कन्टेनमेंट एरिया का कूड़ा सीधे कूड़ेदान में जाएगा। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने हैजार्ड्स वेस्ट के लिए गाइड लाइन जारी कर दी है। नियमों का उल्लंघन किए जाने पर दोषी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महानगर में अब तक कोरोना वायरस से 24 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। एक संक्रमण मुक्त होकर फिरोजाबाद अपने घर जा चुका है। 22 लोग अलीगढ़ में हैं और उनका उपचार चल रहा है। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नगर निगम ने हैजार्ड्स वेस्ट के लिए गाइड लाइन जारी की है। वर्तमान समय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पांच हजार से अधिक लोग होम क्वारंटीन है, जो भवन कन्टेनमेंट एरिया में आ रहे हैं, उनके लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है।
नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि कोविड -19 के संक्रमण को रोकने के लिए हैजार्ड्स वेस्ट का सही तरीके से निस्तारण किया जाना बेहद आवश्यक है। हैजार्ड्स वेस्ट जैसे सैनेटरी नैपकिन, ग्लब्स, मास्क, सैनेटरी पैड आदि को पेपर में लपेटकर अथवा पीले रंग के बैग में रखकर अथवा कूड़ेदान में रखकर नगर निगम के ही वाहनों को देने की गाइड लाइन जारी की गई है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी वार्डों में 70 टैंपो टिपर और 530 कर्मचारियों की 80 टीमें लगाई गई हैं। होम क्वारंटीन एवं भवन कन्टेनमेंट एरिया अपने घर के हैजार्ड्स वेस्ट को कतई खुले या नाले में नहीं फेंके। इससे संक्रमण फैलने का खतरा है।