लगार 26 दिन से बंद शराब, बियर, देशी शराब के ठेके, मॉडल वाइन शॉप और बॉर जल्द ही खोले जाने के आसार बनने लगे हैं। इसी क्रम में पहले प्रदेश की सभी डिस्टलरी खोले जाने की योजना बन रही है ताकि पहले जरूरत के अनुसार माल तैयार कराया जा सके, इसके बाद ठेके खुलवाये जाएं। अलीगढ़ में रामपुर, गाजियाबाद, सहारनपुर डिस्टलरी से अल्कोहल आइटम की सप्लाई होती है। अलीगढ़ में जनता कर्फ्यू के दिन 22 मार्च से ही शराब की दुकानें बंद हैं। उसी दिन रात में अलीगढ़ में लॉकडाउन हो गया था। इस तरह से अलीगढ़ में 26 दिन से शराब की सभी दुकानें बंद हैं।
इस संबंध में प्रदेश के आबकारी विभाग की उच्च स्तरीय वीडियो कांफ्रेंसिंग शुक्रवार को होने जा रही है। जिसमें आबकारी विभाग के प्रमुख सचिव संजय भूस रेड्डी और उत्तर प्रदेश आबकारी आयुक्त पी गुरुप्रसाद शामिल होंगे। जिला आबकारी अधिकारी धीरज शर्मा ने बताया कि धीरज शर्मा ने बताया कि इस वीसी में तय होगा कि डिस्टलरी कब से खुलेंगी। संभवत: डिस्टलरी 18 अप्रैल से चालू करा दी जाएंगी। बताया कि अगर ठेके भी जल्द ही खुलवाए गए तो भी संभावना इसकी ज्यादा है कि नये लाइसेंसी को ही दुकान खोलने का मौका दिया जाए। क्योंकि समयावधि के अनुसार अप्रैल में वही दुकान खोल सकते हैं। इसके अलावा पुराने लाइसेंसी को मार्च 31 तक बकाये कोटे की फीस जमा करानी होगी या नहीं..? इस पर भी फैसला होगा।