प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, उर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत विभाग के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को अलीगढ़ पहुंचेंगे। उनके साथ महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला समेत मंत्रियों का समूह भी शामिल रहेगा।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि जारी सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मंत्रियों का यह समूह रात 10 बजे सर्किट हाउस पहुुंचेगा। रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार की सुबह 10 बजे क्यामपुर मोड़ स्थित भाजपा के नवीन जिला कार्यालय के लोकार्पण में सभी शामिल होंगे। इसके बाद सुबह साढ़े 11 बजे नुमाइश मैदान स्थित कृष्णांजलि में भाजपा की ओर से आयोजित गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित करेंगे। दो बजे सर्किट हाउस और शाम पांच बजे कलक्ट्रेट में विकास कार्यों की बैठक करेंगे। छह बजे से उर्जा विभाग व शाम सात बजे से नगरीय निकाय के अफसरों के साथ बैठक करेंगे। आठ बजे सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और शनिवार सुबह 10 बजे कासगंज के लिए रवाना होंगे।