फरार हुए बदमाश की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को जानकारी देते स्थानीय लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के रजा नगर में बृहस्पतिवार को गोकशी के आरोपी के घर दबिश देने आई पुलिस पर घर में उत्पात मचाने, मारपीट करने के साथ-साथ लूट का आरोप लगा है। परिवार के अनुसार पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हुआ है। इस सूचना पर पहुंची क्वार्सी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल क्वार्सी पुलिस लूट की बात नकार रही है।
रजानगर का अनवार मीट फैक्टरी में नौकरी करता है। वह 2019 के जवां के गोकशी व पुलिस मुठभेड़ के मुकदमे में वांछित है। बृहस्पतिवार दोपहर जवां थाने की जीप से दरोगा पुलिस टीम के साथ दबिश देने आए। आरोप है कि इस दौरान घर पर मौजूद अनवार की पत्नी शाहिस्ता से अनवार के विषय में जानकारी की और फिर घर में घुसकर सामान की तोड़फोड़ कर दी । आरोप है कि विरोध पर शाहिस्ता के साथ मारपीट कर दी । इसी बीच अलमीरा में रखे 56 हजार रुपये व जेवरात आदि निकालकर चले गए। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हुआ है।
बाद में पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई सूचना पर क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच में पाया कि जवां की पुलिस आई थी, जब लोग शांत हुए। अब मामले में मारपीट व लूट को लेकर आपत्ति है और शुक्रवार को यह लोग एसएसपी से मिलेंगे। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार जवां पुलिस ने दबिश दी है। लूट का आरोप निराधार है। बाकी तथ्यों की जांच की जा रही है।