जमालपुर में तैनात आरएएफ के जवान
- फोटो : CITY OFFICE
नागरिकता संशोधन कानून का विरोध और एएमयू बवाल के बाद महानगर में बने तनाव हालात के बीच शुक्रवार को जुमे का दिन छुटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्वक बीत गया। बावजूद इसके सुरक्षा इंतजामों में कोई ढील नहीं दी गई है। प्रदेश में बिगड़े हालात को देखते हुए रेड अलर्ट स्कीम निरंतर जारी है। अराजक गतिविधियों की रोकथाम के लिए 83 मजिस्ट्रेट व भारी भरकम पुलिस के साथ 11 कंपनी पीएसी व चार कंपनी आरएएफ का हर संवेदनशील प्वाइंट पर सख्त निगाह रखे हुए है। इंटरनेट पर पाबंदी 24 घंटे और बढ़ा दी गई है तो महानगर के स्कूल कालेज भी सोमवार को खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नागरिकता संशोधन बिल को लेकर चल रहे तनाव के बीच पहला जुमा कयामत का दिन माना जा रहा था। लेकिन छुटपुट घटनाओं को छोड़कर यह दिन शांतिपूर्वक निकल जाने से पुलिस एवं प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बावजूद इसके ऐतिहातन सुरक्षा इंतजाम यथावत रखे गए हैं। रेड अलर्ट स्कीम के तहत शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस व मजिस्ट्रेट तैनात हैं। खुफिया तंत्र भी मुस्तैद है। महानगर के सभी संवेदनशील चौराहे, प्रमुख इमारतों, मंदिर, मस्जिद समेत अन्य धर्म स्थलों के साथ रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर भी बड़े पैमाने पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस फोर्स तैनात है। होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला एवं अन्य आसरा स्थलों के साथ रैन बसेरों में भी चेकिंग करायी जा रही है।
अफवाहें फैलाने वाले एवं उकसावे की घटनाओं को अंजाम देने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील प्वाइंटों पर पीएसी एवं आरएएफ पूरी मुस्तैदी से तैनात है। हालांकि माहौल की संवेदनशीलता को देखते हुए इंटरनेट पर पाबंदी 24 घंटे और बढ़ाते हुए महानगर के स्कूल कालेजों को शनिवार तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रविवार का अवकाश है अब स्कूल कालेज सोमवार को ही खुल सकेंगे। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि रैड अलर्ट जारी रखते हुए सुरक्षा इंतजाम यथावत रखे गए हैं। उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि जो भी कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
शुक्रवार सुबह तीन बजे 13 मजिस्ट्रेटों को ड्यूटी स्थल बदले
जुमे के दिन सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता करने के उद्देश्य ने एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने 13 मजिस्ट्रेटों के ड्यूटी स्थल बदल दिये। साथ ही इनके पर्यवेक्षण अधिकारियों में भी बदलाव किया।