पिछले नौ महीने से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के प्रोफेसर को धमकी भरे खत भेजकर रंगदारी मांगने वाले युवक को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रोफेसर ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
न्यू सर सैयद नगर के रहने वाले एएमयू के प्रोफेसर ने बताया कि युवक पिछले वर्ष नवंबर से उन्हें धमकी भरे खत भेज रहा है। कभी घर में खत डाल जाता है तो कभी गाड़ी में। पहले आरोपी ने 25 लाख रुपए की मांग की। बाद में रकम 25 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये कर दी। कहा कि यह रकम इसलिए बढ़ाई गई है क्योंकि आपने मेरी बात पर तवज्जो नहीं दी। इसके बाद आरोपी पांच लाख रुपये तक आ गया। इसकी जानकारी पुलिस को दी जाती रही। पुलिस गाड़ी के आसपास नजर रख रही थी। सोमवार को युवक फिर से खत फेंकने गाड़ी के पास आया।
इस दौरान थाना सिविल लाइन के सब इंस्पेक्टर नौशाद अली, सज्जन कुमार और कॉन्स्टेबल बादल व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। सभी सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रख रहे थे। युवक को रंगे हाथों दबोच लिया गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। विश्वविद्यालय के डिप्टी प्रॉक्टर डॉक्टर सैयद अली नवाज जैदी ने बताया कि आरोपी मोहम्मद अब्बास जमालपुर का रहने वाला है। उसके पिता एएमयू में ही कर्मचारी हैं। युवक काम नहीं करता है।