बिजौली ब्लॉक में परफॉरमेंस ग्रांट के कार्यों के टेंडर फार्म बिक्री में अनियमितताओं की शिकायतें बरकरार हैं। डीपीआरओ द्वारा बिजौली ब्लॉक में टेंडर फार्म बिकवाने की व्यवस्था कराए जाने के बावजूद ठेकेदार असंतुष्ट हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव पर प्रधान के इशारे पर चहेतों को टेंडर देने का आरोप लगाया है।
इसका वीडियो बनाकर डीपीआरओ को भेजा गया है। बिजौली ब्लॉक में अति पिछड़ी ग्राम पंचायत सांकरा, हरदोई एवं दादों में करीब 40 करोड़ की परफॉरमेंस ग्रांट से विकास कार्य होने हैं। इसके लिए टेंडर फार्म बिक्री की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया पर लगातार अंगुलियां उठ रही हैं।
गत दिवस दादों में टेंडर फार्म न बिकने पर ठेकेदार पुलिस लेकर पंचायत भवन पहुंच गए थे। लेकिन प्रधान के न होने के कारण उन्हें टेंडर फार्म नहीं मिले। इसको लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बिजौली ब्लॉक पर टेंडर फार्म बिकवाने की व्यवस्था करा दी। इसके बावजूद शिकायतें कम नहीं हुईं।
ठेकेदार योगेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि वह दादों ग्राम पंचायत में टेंडर फार्म लेने गए थे, लेकिन वहां मौजूद सचिव ने मात्र एक ही टेंडर फार्म दिया। जबकि वह तीनों ग्राम पंचायतों में काम करना चाहते हैं। यह बताने पर भी उन्हें एक ही फार्म दिया गया।
सचिव बोले कि कल आना। बिजौली ब्लॉक कार्यालय पर ताला लटकता मिला। इसका वीडियो व फोटो डीपीआरओ को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को टेंडर फार्म बिक्री का अंतिम दिन है। ऐसे में ठेकेदार कैसे एफडीआर समेत अन्य व्यवस्थाएं करेगा।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि ठेकेदार को एक ग्राम पंचायत से एक ही टेंडर फार्म देने की व्यवस्था है। यदि कोई ठेकेदार तीनों ग्राम पंचायतों में काम करना चाहता है तो उसे तीनों ग्राम पंचायतों में जाकर टेंडर फार्म लेने होंगे या फिर बिजौली ब्लॉक से तीन स्थानों के टेंडर फार्म एक साथ लेने होंगे।