ग्राउड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत तीन जून को यहां की 27 औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला लखनऊ में रखी जाएगी। यह औद्योगिक इकाइयां डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक आस्थान ख्यामई, तालानगरी तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जानी है।
इनमें से 12 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। शेष औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अलीगढ़ में ही रखी जाएगी। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी तैयारी में जुटे हुए हैं।
ख्यामई में नए औद्योगिक आस्थान की स्थापना के लिए प्रशासनिक और उद्योग विभाग के अधिकारियों से तैयारी तेज कर दी हैं। इसके लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजट में प्रावधान हो गया है। ले आउट प्लान भी तैयार हो गया है, जिसे औद्योगिक विकास आयुक्त को जल्द ही भेज दिया जाएगा। संकेत मिले हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जून के अंतिम या जुलाई के पहले सप्ताह में इस आस्थान की अलीगढ़ आकर आधारशिला रखेंगे।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्रीनाथ पासवान ने बताया कि ले आउट प्लान पूरी तरह तैयार है। 3 जून को 27 औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला भी रख दी जाएगी। इसके लिए सभी औपचारिकाएं पूरी कर ली गईं हैं। इनमें से 12 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह में वंडर सीमेंट, एंकर रिसर्च लैब, सिंडीकेट इडोवेशन इंटरनेशनल, वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड, एलन एलविन प्राइवेट लिमिटेड. नित्या क्रिएशन इंडिया, दीप एक्सप्लो इक्वपेंट, श्री त्रिपति ब्रास वेयर, लक्ष्मी मेटल वर्कस, जीएसडब्ल्यू एंटर प्राइजेज, मनकामेश्वर स्टील, श्री सोफूड इंडस्ट्री तथा एडवांस फायर एवं सेफ्टीेेे के प्रतिनिधि शामिल होंगे।