ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस चिह्नित अपराधियों के खिलाफ लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में नकबजनी, चोरी और वाहन चोरी के पेशेवर 65 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें से 21 के खिलाफ गुंडा एक्ट, 23 को जिला बदर किया जा चुका है। इनमें से 49 जेल भी भेजे जा चुके हैं।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के स्तर से लगातार अपराधियों की कड़ी निगरानी के इरादे से उनके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने जैसी कार्रवाई कराई जा रही है। इसी क्रम में पिछले दस साल से सक्रिय 3 या 3 से अधिक मुकदमे वाले नकबजनी, चोर व वाहन चोरों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। बता दें कि जिले में ऐसे कुल 624 अपराधी चिह्नित हैं। उन्हीं पर श्रेणीवार हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है।
थानावार जिन अपाधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उनमें सासनी गेट से 1, देहलीगेट से 1, रोरावर से 4, बन्नादेवी से 1, सिविल लाइंस से 3, जवां से 3, महुआखेड़ा से 6, गोधा से 1, गभाना से 5, चंडौस से 2, लोधा से 1, खैर से 1, टप्पल से 5, पिसावा से 1, अतरौली से 2, हरदुआगंज से 3, पालीमुकीमपुर से 2, छर्रा से 2, बरला से 6, अकराबाद से 5, गोंडा से 5, इगलास से 2 व मडराक से 3 अपराधी शामिल हैं।
- जिले में अपराधियों की सतत निगरानी के इरादे से हिस्ट्रीशीट खोली जा रही हैं। सभी सीओ व थाना प्रभारियों को निर्देश है कि ऐसे अपराधियों पर निगरानी रखें और जरूरत पर कार्रवाई करें। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी