भरतपुर की प्रधान नीलम सिंह व पूर्व प्रधान अमित चौहान द्वारा जन समुदाय के सहयोग से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में घर-घर से कचरा संग्रहण कर एकत्रित कचरे को कचरा से कंचन केंद्र पर प्रबंधित कर जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया प्रारम्भ की गयी। साथ ही कचरा पात्र व प्लास्टिक बैंक की स्थापना करायी है। तरल अपशिष्ट प्रबंधन में सभी घरों का पानी नाली में प्रवाहन की व्यवस्था बनाते हुए गंदे जल के प्रबंधन करने के लिए सिल्ट चेम्बर व फ़िल्टर चेम्बर का निर्माण किया है जिससे अब तालाब के पानी की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, अब ग्राम में स्वच्छता दिखती है।
नीलम सिंह के बारे में
राष्ट्रपति से स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान पाने वाली नीलम सिंह का जन्म अलीगढ़ के पड़ोसी जनपद हाथरस के हसायन अंतर्गत अलहदीनपुर में हुआ। इनके पिता आर्मी में थे और मां ग्रहणी थीं। नीलम ने हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज से समाज शास्त्र में एमए किया। नीलम का दिल बचपन से ही समाज सेवा करने और समाज के लिए काम करने की सोचता था, इस कारण वह समाज सेवा में लगी रहतीं। नीलम की शादी तहसील खैर के ब्लॉक टप्पल के ग्राम भरतपुर में अमित चौहान से हुई।
नीलम सिंह और अमित चौहान के दो बेटे हैं। अमित चौहान खेती बाड़ी करती हैं, वह ग्राम भरतपुर के प्रधान रहे हैं और उन्हें दो बार मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। सन् 2021 में नीलम सिंह भरतपुर की ग्राम प्रधान चुनी गईं। नीलम सिंह ने नाली निर्माण, तालाब निर्माण आदि काम कर ग्राम भरतपुर को ओडीएफ प्लस मॉडल गांव बना दिया।