महानगर की बन्नादेवी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़े वाहनों को चोरी कर उनके नंबर बदलकर बेचने वाला सरगना साथी सहित दबोचा गया है। उसके पास से दो आयशर कैंटर व दो कार बरामद हुई हैं। यह इस पेशे का पुराना अपराधी है। यह खुद ही वाहनों के इंजन-चेसिस नंबर बदलकर उन्हें फर्जी दस्तावेजों पर बेचते आ रहे हैं।
सीओ द्वितीय राघवेंद्र सिंह व इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन ने शनिवार दोपहर संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सारसौल टीवीएस चौराहे से मैराज उर्फ नेताजी पुत्र रफीक निवासी रसलगंज बन्नादेवी हाल निवासी हमदर्द नगर बी जमालपुर सिविल लाइंस व अजय कुमार पुत्र मान सिंह निवासी माधव आर्य नगर एका फिरोजाबाद हाल निवासी बसंत कॉलोनी अनूपशहर बुलंदशहर को गिरफ्तार किया। ये दोनों कुछ चोरी के वाहनों का सौदा करने के इरादे से घूम रहे थे। इनकी निशानदेही पर चोरी की दो आयशर कैंटर मेटाडोर, एक स्विफ्ट डियाजर, एक टाटा इंडिगो कार के अलावा इंजन व चेसिस मिटाने का उपकरण, नंबर अंकित करने का उपकरण भी बरामद किया गया।
दोनों ने पूछताछ में स्वीकारा कि यह लोग सभी प्रकार के वाहनों को चोरी कर उनके इंजन व चेसिस नंबर मिटाकर, उन पर फर्जी तरीके से नए नंबर अंकित करते हैं। साथ ही फर्जी दस्तावेज बनवाकर सस्ते दामों में बेच देते हैं। बरामद कैंटर में से एक सारसौल पेट्रोल पंप के पास से चोरी किया था, जबकि दूसरा 11 जनवरी को भीमनगर अमरोहा से चुराया था। वहीं स्विफ्ट कार 20 नवंबर 2020 को गोपाल नगर दिल्ली से चुराई थी।
चौथे वाहन के विषय में पुलिस जांच कर रही है।
बता दें कि सारसौल से चोरी कैंटर के संबंध में मुकदमा थाने पर दर्ज है। सीओ के अनुसार मैराज उर्फ नेताजी पुराना अपराधी है। अब यह किराये पर जमालपुर में रहता है। उसकी सिविल लाइंस में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। लंबे समय तक इसने यह अपराध छोड़ दिया था। मगर बाद में आगरा में नया साथी मिलने पर फिर धंधा शुरू कर दिया। पुलिस रिकार्ड के अनुसार उस पर कुल 9 व अजय पर 10 मुकदमे दर्ज हैं।