जनपद में कोरोना वायरस का कहर जारी है। शुक्रवार को चार नए मरीज पाए गए हैं, जिनमें से चार दिन की एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, शहर के एक पूर्व पार्षद और शहर के कारोबारी पुत्र सहित तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। भाजपा नेता/पूर्व पार्षद दिल्ली में संक्रमित घोषित हुए थे, जिन्हें अब उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बच्ची का शव परिवार को सौंप दिया गया है।
चार दिन पहले मथुरा रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में मडराक के अहमदपुर की महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। कोरोना संक्रमित पाए जाने पर बच्ची को जेएन मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को बच्ची दुनिया को अलविदा कहकर चली गई। उसके शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इसके अलावा सेंटर प्वाइंट के एक प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी का 35 वर्षीय बेटा भी संक्रमण की चपेट में आया है। जेल रोड पर रहने वाले कपड़ा व्यापारी का रामघाट रोड पर नामचीन होटल भी है। इनके विषय में हिस्ट्री मिली है कि इनका कटरा मोहल्ला देहली गेट के मृत कपड़ा व्यापारी से नजदीकी रिश्ता है और उनकी तबियत खराब होने के दौरान और मौत के दौरान यह उनके परिवार के संपर्क में रहे। इसी बीच उनकी सैंपलिंग हुई थी, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा सासनी गेट थाना क्षेत्र के पला रोड कृष्णा विहार निवासी छह वर्ष की बच्ची तबियत बिगड़ने पर जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाई गई थी। वहां जांच में उसे पॉजिटिव बताया गया है। उसका मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है। इधर, सराय हकीम के रहने वाले 72 वर्षीय भाजपा नेता व पूर्व पार्षद भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्हें तबियत बिगड़ने पर नोएडा के निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां जांच में वह संक्रमित घोषित हुए। अब परिजन उन्हें नोएडा से यहां ले आए और जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ डॉ.बीपी कल्याणी ने बताया कि जो मरीज मिले हैं, उनके संपर्क व परिवारों की सैंपलिंग कराई जाएगी। उनके घरों के आवास को सैनेटाइज व सील कराने का काम चल रहा है।
--कोरोना मीटर--
- 192 मरीज अब तक पाए गए जिले में (इनमें कुछ मरीज अन्य शहरों में संक्रमित घोषित हुए हैं)
- 18 मरीजों की अब तक हो चुकी मौत (जयगंज की महिला आगरा में संक्रमित हुई थी, दिल्ली में मौत)
- 102 करीब मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं
- 60 सक्रिय मरीज अभी अस्पताल में हैं भर्ती
संक्रमित लोगों के परिजनों को क्वारंटीन कर नमूना लेने का निर्देश दिया गया है। चार दिन के बच्ची के परिवार के कुछ सदस्यों का नमूना लिया गया है। घर के एरिया को सील कर सैनिटाइज किया जा रहा है।
-चंद्रभूषण सिंह डीएम