हर साल दीपावली के अवसर पर नुमाइश मैदान में सजने वाला आतिशबाजी बाजार 27 अक्तूबर से सजेगा। छह नवंबर तक सजने वाले बाजार में अस्थायी दुकानें लेने के इच्छुक दुकानदार पुलिस वेरिफिकेशन समेत अन्य प्रक्रियाएं पूर्ण कराने में जुटे हैं। हालांकि नुमाइश के विभिन्न बाजारों के किराये में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है।
इस सबके बावजूद बरसाती सीजन में हुए गड्ढे व गंदगी के अंबार दुकानदारों व ग्राहकों के सब्र का कड़ा इम्तिहान लेने के लिए तैयार हैं। हर साल नुमाइश मैदान में आतिशबाजी बाजार सजता है। इसके लिए यहां कुल 515 दुकानें हैं, लेकिन बाजार आमतौर पर 215 दुकानों में ही लगता है। 27 अक्तूबर से सजने वाले इस बाजार के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
आतिशबाजी व्यवसायी दुकान सजाने के लिए मिलने वाले अस्थायी लाइसेंस के लिए पुलिस वेरिफिकेशन, फायर ब्रिगेड की एनओसी समेत अन्य औपचारिकताएं पूर्ण करने में जुट गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि इस साल नुमाइश के विभिन्न बाजारों की दुकानों की किरायादरों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
सभी दरें पिछले साल की तरह यथावत रखी गई हैं। अब तक अस्थायी लाइसेंस के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। बताते चलें कि पिछले साल फुव्वारा बाजार में दुकान के रेट 12 हजार और जीएसटी, हुल्लड़ बाजार में 10 हजार और जीएसटी, कृषि, कंबल व सुरमा बाजार की दुकानों का किराया चार हजार और जीएसटी था।
गड्ढे व गंदगी लेंगे दुकानदार व ग्राहकों के सब्र का कड़ा इम्तिहान
इस सीजन में हुई बरसात व जलभराव से नुमाइश मैदान में मुख्य मार्ग एवं बाजारों में गड्ढे व गंदगी का आलम है। यदि इन्हें समय रहते दुरुस्त नहीं कराया गया तो यह गड्ढे व गंदगी आतिशबाजी बाजार में आने वाले ग्राहक व दुकानदारों के सब्र का कड़ा इम्तिहान लेंगे। दुर्घटनाओं का भी खतरा है।