आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आगामी 20 अक्तूूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती को भव्य रूप में मनाया जाएगा। जिसमें वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों व राष्ट्र मूल्यों से जनमानस को जोड़ने के लिए आयोजन होंगे। महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों, मंदिरों आदि पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ-साथ अनवरत रामायण का पाठ भी कराया जाएगा।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने कहा है कि कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीराम व श्रीहनुमान तथा रामायण से संबंधित महत्वपूर्ण स्थलों एवं मंदिरों का चयन किया जाएगा। वहां सुरुचिपूर्ण आयोजन के साथ रामायण पाठ एवं भजन आदि के कार्यक्रम किए जाएंगे।
इसके लिए श्रीराम मंदिर, श्रीहनुमान मंदिर अथवा रामायण से संबंधित मंदिर का पूरा पता, फोटो, जीपीएस लोकेशन तथा मंदिर प्रबंधक का संपर्क नंबर लिया जाएगा। इन मंदिरों में 8, 12 एवं 24 घंटे अनवरत रामायण पाठ कराएं जाएंगे। मंदिरों एवं स्थलों पर कलाकारों, भजन गायकों की उपलब्धता की जाएगी। इसके लिए नामित नोडल अधिकारी बनेंगे।
डीएम ने कहा कि इन आयोजनों के लिए जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं विकास खंड स्तरीय समिति बनाई जाए। जिससे कार्यक्रम प्रभावी हों। आयोजन स्थल पर कोविड-19 के शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। इसके लिए संबंधित नोडल अधिकारी, मंदिर प्रबंधक तथा कलाकारों को भी सुस्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
प्रत्येक आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, ध्वनि, प्रकाश, दरी, बिछावन एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाए। आयोजन के लिए सक्षम स्तर से अनुमति ली जाए। अनवरत वाल्मीकि रामायण पाठ के लिए वाल्मीकि रामायण ग्रंथ की उपलब्धता की जाए। गायक कलाकारों एवं भजन मंडलियों को पूर्व में ही अवगत कराया जाए।
सीडीओ ने कहा कि आयोजन की पूर्व संध्या 19 अक्तूबर को तैयारियों की फोटो संस्कृति विभाग की ईमेल पर भेजी जाएं। आयोजन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए संस्कृति विभाग के नोडल अधिकारी प्रभाकर जौहरी, संयुक्त निदेशालय, उत्तर प्रदेश के व्हाट्सएप नंबर 9452986601 पर संपर्क कर सकते हैं।
20 अक्तूबर को उद्घाटन सहित संपूर्ण कार्यक्रम की कम से कम 10 फोटो मोबाइल से भी खींचकर ईमेल पर पोस्ट की जाए। फोटो प्रेषित करते समय स्थल का नाम, पता तथा जिले का नाम अवश्य लिखा जाए।