फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : अनामिका बन नौकरी कर रही फर्जी शिक्षिका बबली गिरफ्तार

विज्ञापन
पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में प्रेसवार्ता में जानकारी देते एसपी क्राइम डॉ अरविंद। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
अलीगढ़। एक और फर्जी अनामिका शुक्ला को जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बिजौली में अनामिका शुक्ला के फर्जी शैक्षिक अभिलेखों से नौकरी कर रही फर्जी शिक्षिका बबली यादव को कई दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने रविवार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अपने रिश्तेदारों के एक गिरोह की मदद से तीन लाख रुपये में फर्जी शैक्षिक दस्तावेज और यह नौकरी हासिल की थी। इन्हीं फर्जी दस्तावेज के सहारे उसके दो और रिश्तेदारों ने प्रयागराज व बागपत में नौकरी हथियायी है।
विज्ञापन

एसपी क्राइम डॉ. अरविंद व सीओ अतरौली प्रशांत सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि इस फर्जी शिक्षिका के खिलाफ छह जून को बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वयक अधिकारी ने थाना पालीमुकीमपुर में फर्जी तरीके से नौकरी पाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस लगातार फर्जी शिक्षिका की गिरफ्तारी के लिए कानपुर देहात में कई जगह दबिश दी। इसी बीच शनिवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने बिजौली तिराहे से बबली निवासी चंदन पुरवा थाना रसूलाबाद कानपुर देहात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम की अगुआई थानाध्यक्ष हरिभान सिंह राठौड़ कर रहे थे।
पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि मैनपुरी निवासी उसके जीजा बल्लू यादव ने मैनपुरी के नगला खग निवासी पुष्पेंद्र और उसकी महिला मित्र राज बेटी से मुलाकात कराई। पुष्पेंद्र और राजबेटी ने बबली से तीन लाख लेकर अनामिका शुक्ला पुत्री सुभाष चंद्र शुक्ला निवासी जोगा थाना बेवर मैनपुरी के नाम से सारे फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए और अलीगढ़ में काउंसिलिंग कराकर अतरौली ब्लॉक के बिजौली स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में पूर्णकालिक शिक्षिका के रूप में तैनाती कराई। साथ में इसी नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर बैंक में खाता तक खुलवाया।
विज्ञापन

इन तीन लोगों ने बबली की ननद सरिता यादव को भी प्रयागराज में अनामिका शुक्ला के नाम से कस्तूरबा विद्यालय सोरांव ब्लॉक में तीन लाख रुपये लेकर शिक्षिका के रूप में भर्ती करवाया है। इसके अलावा एक रिश्तेदार शीला पुत्री महेश को भी बागपत के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नौकरी दिलाई थी। साथ ही सेंट्रल बैंक रसूलाबाद कानपुर में अनामिका शुक्ला पुत्री सुभाचंद्र शुक्ला के नाम से खाता खुलवाया था।
अब पुलिस फरार अभियुक्त पुष्पेंद्र, बल्लू यादव व राज बेटी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। वहीं, विभागीय व अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने रविवार को बबली यादव को न्यायालय के समक्ष पेशी के बाद जेल भेज दिया और अब सोमवार को पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। गिरफ्तारी के बाद हुए मेडिकल परीक्षण में बबली को गर्भवती बताया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें