फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh: तनाव से जूझ रहे व्यापारी ने खुद को सीने में मारी गोली, हालत गंभीर, मेडिकल की आईसीयू में चल रहा इलाज

Sat, 18 Jul 2026 03:14 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

पिछले वर्ष सुनील का मामू-भांजा स्थित एक मस्जिद में नमाज पढ़ने का वीडियो सामने आया था। उस समय इस मामले को लेकर काफी चर्चा हुई थी। बाद में परिजनों की ओर से सफाई दी गई कि वह किसी से मिलने के लिए मस्जिद गए थे।
विज्ञापन
जे एन मेडिकल की इमरजेंसी में गोली से घायल सुनील कुमार राजानी, मौजूद परिजन - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ में बन्नादेवी थाना क्षेत्र के नई बस्ती में शनिवार दोपहर मानसिक तनाव से जूझ रहे इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी सुनील राजानी (55) ने अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। परिजन उन्हें लहूलुहान हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। देर शाम उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, नई बस्ती निवासी सुनील राजानी शहर के मुख्य बाजार मामू-भांजा में गणेश इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से अपनी दुकान चलाते हैं। सुनील के एक बेटा विशाल राजानी है और एक बेटी है। उनका पूरा परिवार नई बस्ती स्थित मकान में रहता है। शनिवार दोपहर को वह अपने कमरे में अकेले थे। इसी दौरान अचानक कमरे से गोली चलने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर जब परिवार के सदस्य पहुंचे तो सुनील फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे। पास ही उनकी लाइसेंसी पिस्टल पड़ी थी। उन्होंने पिस्टल से सीधे अपने सीने में गोली मारी थी।
विज्ञापन


पारिवारिक सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी सुनील राजानी पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। उनका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था, जिसके चलते दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कयास लगाए जा रहे हैं कि मानसिक परेशानी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही बन्नादेवी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को अपने कब्जे में लिया।

विज्ञापन

क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सील कर दिया था। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए गए हैं। व्यापारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पिछले वर्ष मस्जिद में नमाज पढ़ने का वीडियो सामने आया था
पिछले वर्ष सुनील का मामू-भांजा स्थित एक मस्जिद में नमाज पढ़ने का वीडियो सामने आया था। उस समय इस मामले को लेकर काफी चर्चा हुई थी। बाद में परिजनों की ओर से सफाई दी गई कि वह किसी से मिलने के लिए मस्जिद गए थे। उस दौरान भी लोगों के बीच उनकी मानसिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई थी।

शनिवार की घटना के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज में मौजूद परिजनों से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। वहीं, मामू-भांजा मार्केट में उनकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान बंद रही। घटना को लेकर बाजार के व्यापारियों के बीच दिनभर चर्चा होती रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें