पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी की है।
कोई असामाजिक तत्व शांति व्यवस्था में खलल न डाले, इसके लिए सभी थानेदारों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वह ऐसे शरारती तत्वों को अपने इलाके में चिन्हित कर उनके खिलाफ पाबंद और अन्य प्रकार की कार्रवाई करें। इसके अलावा लोकल इंटेलिजेंस यूनिट को भी निर्देश दिया गया है कि वह क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए ऐसी सभी बातों पर कड़ी नजर रखें और कुछ भी संज्ञान में आने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराएं। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर सादा वर्दी में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। सभी होटल, रेस्टोरेंट, दुकानदारों को भी निर्देश दिया गया है कि वह अपने यहां आने जाने वाले व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखें।
ये हैं सुरक्षा के मुख्य बिंदु
- शहर में सभी स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को एक सेंट्रल कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। इन कैमरों की मदद से पब्लिक के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है ।
- जहां मिश्रित आबादी वाले इलाके हैं वहां पर यह देखा जा रहा है एक स्थान पर बहुत ज्यादा लोग इकट्ठे न हों। इसके लिए लैपर्ड पेट्रोलिंग कर रही हैं।
- ड्रोन के माध्यम से भी घनी आबादी वाले इलाकों में निगरानी की जा रही है। पता लगता रहे कि गली मोहल्लों में सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा है ।
-थाने के प्रभारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह अपने स्तर से क्षेत्र के मौजूद लोगों को संपर्क करें और उनसे लगातार संवाद बनाए रखें।
अयोध्या में बुधवार को शिलान्यास समारोह को ध्यान में रखते हुए शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति बनाए रखने के सभी उपाय कर लिए गए हैं। पूरा शहर बेहद चौकसी में रहेगा। पुलिस की पूरी कोशिश रहेगी के सामान्य रूप से अपना काम निपटाने वालों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो
- मुनिराज जी, एसएसपी