महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र की रामबाग कॉलोनी में रविवार सुबह एक ही परिवार के दो पक्षों में सबमर्सिबल चलाने को लेकर विवाद-फायरिंग में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मुकदमे में शुश्रत राघव उर्फ चेतन, सिद्धार्थ राघव, अर्जुन राघव, निहारिका राघव व विजय देवी को नामजद किया गया है।
वाकया रविवार सुबह नौ बजे करीब का है। रामबाग कॉलोनी में रहने वाले चेतन राघव का अपने भाई मयंक राघव से सबमर्सिबल चलाने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि चेतन लाइसेंसी बंदूक लेकर छत पर चढ़ गया और फायरिंग करने लगा। कई राउंड फायरिंग में तीन लोगों चेतन राघव के भाई मयंक राघव, भाभी भावना के अलावा पड़ोसी वृद्धा कांती देवी के छर्रे लग गए। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। हालांकि तब तक आरोपी चेतन बंदूक लेकर भाग गया। पुलिस ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घायलों में दो का अभी भी जेएन में मेडिकल कॉलेज व तीसरे का एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। इंस्पेक्टर क्वार्सी के मुताबिक घायल भावना के बेटे अभिनव राघव की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उनको दबोच लिया जाएगा।