बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे गांव धर्मपुर में एक युवक की उसके घर के बरामदे पर ही हत्या कर दी गई। सिर व शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे। सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने शक के आधार पर मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है।
गांव धर्मपुर निवासी 36 वर्षीय नीरज पुत्र देशराज सिंह बृहस्पतिवार की रात अपने घर के बरामदे पर सोए थे। रात करीब 12 बजे उनकी बेटी नीतू शौच के लिए जगी तो बरामदे के बाहर सबमर्सिबल पंप के पास लहूलुहान हालत में पिता शव पड़ा देखा। इस पर उसने परिवार के अन्य लोगों को जगाया। हत्या की खबर पूरे गांव में फैल गई और लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही सीओ खैर भी पहुंचे और परिवार वालों से हत्या की जानकारी ली। पिता का शव देखने वाली नीतू कक्षा 9 की छात्रा है जबकि नितिन आठवीं कक्षा में पढ़ता है। नीरज चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई के साथ वह गांव में खेतीबाड़ी करते थे जबकि दो अन्य भाई बाहर प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके पास 50 बीघे जमीन है। बड़े भाई देवराज ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम के बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
सिर पर फुंकनी से वार कर की हत्या
धर्मपुर गांव में हुई नीरज की हत्या में महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे। इसके आधार पर पुलिस ने मृत युवक की पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों ने फुंकनी से हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि देर रात तक पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी थी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इतना ही बताया कि हत्या के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। हत्या का कारण परिवार में ही होने के तथ्य मिल रहे हैं। मृतक के बच्चों ने ही पूछताछ में काफी कुछ उजागर कर दिया है। इस आधार पर मृत युवक की पत्नी और एक अन्य से पूछताछ चल रही है। शनिवार तक तस्वीर साफ कर दी जाएगी।