हाथरस के सिकंदराराऊ कस्बे से यहां सारसौल फल मंडी पर फल खरीदने आए फल व्यापारी की जेब से टप्पेबाज ने मंगलवार दोपहर 1.24 लाख रुपये पार कर दिए। घटना गांधीपार्क से सारसौल के बीच में ई-रिक्शा में हुई और जब व्यापारी फल मंडी पहुंचा, तब उसे जेब से रुपये गायब होने की जानकारी हुई। इस पर वह लौटकर सारसौल बस स्टैंड आया और उसने वहां खड़े टप्पेबाज को पहचान भी लिया। मगर वह व्यापारी को देखकर भागने में सफल रहा। इस संबंध में बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सिकंदराराऊ के गांधी गंज चूड़ी मार्केट निवासी अनवार पुत्र अमीर फल व्यापारी है। वह हर सप्ताह सारसौल फल मंडी से फल लेने आता है। मंगलवार सुबह भी वह रोडवेज बस में सवार होकर गांधीपार्क बस स्टैंड पहुंचा। यहां से ई-रिक्शा में सारसौल फल मंडी के लिए सवार हुआ। इसी बीच दो बच्चे, एक महिला व एक युवक भी ई-रिक्शा में सवार हो गए।
ई रिक्शा मसूदाबाद के पास पहुंचा तो युवक ने अनवार की जेब काटकर उसमें से 1.24 लाख रुपये पार कर दिए। इसके बाद युवक सारसौल चौराहे पर उतर गया। अनवार जब फल मंडी पहुंचा तो खुद की जेब से रुपये पार होने की जानकारी हुई। अनवार ने पाया कि उसकी जेब कटी हुई है। इस पर वह फल मंडी से एक अन्य कारोबारी को साथ लेकर सारसौल चौराहे पहुंचा।
यहां युवक की तलाश की तो आरोपी उसे बैग से अपना मुंह छिपाकर बस का इंतजार करते दिखा। अनवार ने युवक को पहचान लिया और जब उसका पीछा किया तो वह वहां से फरार हो गया। अनवार ने बन्नादेवी पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार दूबे के अनुसार मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।