महानगर के क्वार्सी क्षेत्र की स्वर्ण जयंती नगर कॉलोनी में शनिवार सुबह कार से बाइक टकराने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान मौके पर काफी गहमागहमी भरा माहौल बन गया और भीड़ जुटती देख बाद में कार सवार मौके से भाग गए। घटना में चार लोग जख्मी हुए हैं। बाद में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है।
बताया गया है कि स्वर्ण जयंती नगर निवासी शिक्षक हवरेश कुमार के घर पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान उनके घर के बाहर बाइक खड़ी थी। तभी एक युवक वहां कार लेकर आ गया, जिसकी कार से बाइक टकरा गई। इस पर हरवेश के भाई ने विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इस बीच कार सवार ने अपने कुछ साथी बुला लिए। उन्होंने लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में हरवेश , करन व ललित समेत चार लोग घायल हो गए । ललित के सिर में चोट आई है। इस दौरान काफी भीड़ जमा हो गई।
इसके चलते हमलावरों ने बाद में भागने में भलाई समझी। इस सूचना पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भेजा गया। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। दूसरे पक्ष की ओर से लूट आदि का आरोप है। मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।