केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अब पूरी दुनिया जान चुकी है कि कांग्रेस वेंटिलेटर पर है। वह नीति एवं नेतृत्व विहीन पार्टी हो गई है। केंद्रीय मंत्री बृहस्पतिवार को जीटी रोड स्थित रघुनाथ पैलेस में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम में शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि जब नीति एवं नेतृत्व नहीं रहता है तो राजनीतिक दल का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। मुझे लगता है कि देश में अब कांग्रेस का अध्याय समाप्त हो गया है। आजादी के बाद महात्मा गांधी कांग्रेस को खत्म करना चाहते थे। आज उनका सपना पूरा हो रहा है। देश ने कांग्रेस पार्टी को अस्वीकार कर दिया है। आज कांग्रेस में भगदड़ मची है।
उसमें विघटन एवं सिर फुटौव्वल चल रहा है। भविष्य की राजनीति करने वाला व्यक्ति अब कांग्रेस में नहीं रहना चाहता है। कृषि कानून वापस लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी स्पष्टता के साथ देश में किसानों के लिए बिल लेकर आए थे। बहुसंख्यक किसानों ने समर्थन किया था। अभी देश की आजादी का अमृत महोत्सव चल रहा है।
हम लोग सबका साथ सबका विकास की संकल्पना के साथ काम कर रहे हैं। बड़ी दुख के साथ प्रधानमंत्री ने कृषि कानून वापस करने का निर्णय किया है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं युवा मोर्चा के प्रदेश सह प्रभारी सुभाष यदुवंश, युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनीष गौतम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निखिल माहेश्वरी, महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता, अमित गोस्वामी आदि मौजूद थे।