होली को लेकर खाद्य वस्तुओं में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अभियान छेड़ दिया है। शहर व देहात क्षेत्र में शनिवार को छापे मारकर विभिन्न स्थानों से खाद्य सामग्री के 15 नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा है। कार्रवाई के दौरान दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए।
एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। थाना क्वार्सी क्षेत्र के विष्णुपुरी में खाद्य पदार्थ कारोबारी अभिषेक वार्ष्णेय के प्रतिष्ठान से खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव व प्रभु चौधरी की टीम ने बेसन एवं सूजी का एक-एक नमूना भरा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल ने थाना सिविल लाइंस के मोहल्ला जमालपुर में मुन्ना एंड ब्रदर्स के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया और 60 किलो सरसों का तेल सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर सिंह ने थाना गांधीपार्क के नौरंगाबाद छावनी में अर्जुन शर्मा के मिष्ठान के प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ खोया का एक नमूना लिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सूरज कुमार, कृपाशंकर एवं मनोज कुमार सरोज की टीम ने मोहल्ला ज्वालापुरी में लालता प्रसाद के मिष्ठान प्रतिष्ठान से बूंदी के लड्डू का एक नमूना लिया गया।
अतरौली में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने जिरौली धूम सिंह स्थित दीनू बैरागी की मिठाई की दुकान से बर्फी का एक नमूना लिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह ने इगलास तहसील के गोंडा रोड स्थित आरएम डेयरी के प्रतिष्ठान से घी एवं मिल्क पाउडर का एक-एक नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने जवां थाना क्षेत्र के कस्बा छेरत स्थित पंकज स्वीट सेंटर से एक नमूना एवं थाना गोधा के मैंमड़ी के मोनू प्रोविजन स्टोर से बेसन का एक नमूना, कस्बा खैर स्थित दीपक की मिठाई की दुकान से मिठाई का एक नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैय्यद इबादुल्लह ने कस्बा जट्टारी स्थित दीपक की दुकान से मैदा, शिवम किराने से सूजी, झालरिया स्थित सौरभ की मिठाई की दुकान से खोया, प्रवीण की दुकान से सूजी का एक नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवनाथ सिंह ने गभाना क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य वस्तुओं के सैंपल लेकर उन्हें जांच को भेजा जा रहा है। संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मिलावटी रंग व गुलाल पर भी एफएसडीए की टीम नजर रखेगी।