महानगर के जयगंज इलाके से कासगंज में अपने साढ़ू-साली संग नेपाल काठमांडू घूमने गए किराना कारोबारी की कार रविवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान कारोबारी की पत्नी व साली की मौत हो गई है, जबकि खुद कारोबारी व साढ़ू की हालत बेहद नाजुक बताई गई है। नेपाल दूतावास के जरिए यह जानकारी शाम को अलीगढ़ जिला प्रशासन तक पहुंची। खबर मिलते ही परिवार नेपाल के लिए रवाना हो गया है। वहीं परिवार में कोहराम मच गया है। हालांकि देर शाम दोनों पुरुषों की मौत की भी चर्चा उठी, लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि परिवार या प्रशासन की ओर से नहीं हो सकी।
सासनी गेट के जयगंज गणेश कूचा के रहने वाले करीब 55 वर्षीय राकेश अग्रवाल का जयगंज में ही किराने का व्यापार है। परिवार के अनुसार पांच दिन पहले वो अपनी पत्नी साधना अग्रवाल व कासगंज अमापुर निवासी साढ़ू विमल अग्रवाल, उनकी पत्नी संध्या अग्रवाल संग नेपाल घूमने गए थे।