मलखान सिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करती डीएम सेल्वा कुमारी जे । अमर उजाला
- फोटो : CITY OFFICE
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एवं मलखान सिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। चिकित्सकों से कहा कि मरीजों के साथ मधुर संबंध बनाएं। डेंगू-मलेरिया एवं बुखार रोगियों के उपचार में किसी तरह की कोताही न बरती जाए। साफ-सफाई एवं सावधानी से संचारी रोग को बढ़ने से रोका जा सकता है।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय पहुंची। उन्होंने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से बातचीत की। प्रभारी सीएमएस डॉ. पी कुमार से कहा कि मरीजों को समुचित उपचार दें। जरूरी जांच भी कराएं। उसके बाद जिलाधिकारी मलखान सिंह जिला चिकित्सालय पहुंची।
वार्ड में घूम कर बुखार से पीड़ित मरीजों का हाल-चाल लिया। वार्ड में बुखार के मरीजों के बेड पर मच्छरदानी लगी थी। चिकित्सालय में भर्ती बच्चों के अभिभावकों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
चिकित्सकों से कहा कि मरीजों से मधुर संबंध बनाकर उपचार करें। इससे मरीजों की हालत में सुधार आने लगेगा। सीएमएस डॉ. रामकिशन को चिकित्सालय परिसर में सफाई व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बुखार से पीड़ित मरीजों की स्लाइड जरूर बनाएं, ताकि पता चल सके कि मरीज किस बीमारी से पीड़ित है।