जहरीली शराब कांड में पुलिस को सभी 109 मौतों से संबंधित विसरा रिपोर्ट मिल गई हैं। सभी में मिथाइल अल्कोहल युक्त शराब से मौत की पुष्टि हुई है। इन रिपोर्टों के मिलने के बाद पुलिस ने अदालत में मजबूत मुकदमों की पैरवी के लिए 33 में से ऐसे 17 मुकदमे चिह्नित किए हैं, जिनमें जल्द से जल्द सजा कराने का प्रयास किया जा रहा है। इन मुकदमों में जल्द सजा कराकर नजीर पेश करने का प्रयास है। ये सभी मौत व अवैध शराब फैक्ट्री/भंडारण व मिथाइल बिक्री से जुड़े मुकदमे हैं।
एसएसपी कलानिधि नैथानी बताते हैं कि शराब कांड का पुलिस की विवेचना स्तर से काम पूरा हो गया है। विसरा की सभी रिपोर्ट मिलने के बाद उन्हें संबंधित मुकदमों में दाखिल किया जा रहा है। वैसे पूरे मामले में 33 मुकदमे दर्ज हुए हैं, जिनमें चार्जशीट दी गई है। वैसे तो सभी मुकदमों में मजबूत पैरवी की जा रही है।
मगर इनमें से 17 मुकदमे मौत व मुख्य अवैध शराब फैक्टरी या मिथाइल बिक्री से जुड़े हैं। इनपर विशेष फोकस रखा जा रहा है। मासिक समीक्षा में यह निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इधर, न्यायालय में अब तक 20 से अधिक मुकदमों में ट्रायल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें से एडीजे प्रथम में 10 और विशेष न्यायालय में 18 और कुछ मुकदमे सत्र न्यायालय में ट्रायल की प्रक्रिया के लिए हैं।