अलीगढ़ शहर की हवाओं को कूड़ा-कचरा जलाकर जहरीली बनाने वालों पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। 19 नवंबर को सड़कों, पेड़-पौधों, डिवाइडर और धूल युक्त स्थानों पर नगर निगम ने एंटी स्मॉग गन से छिड़काव कराया।
19 नवंबर को प्रदूषण से दृश्यता कम होने पर नगर आयुक्त विनोद कुमार ने अधीनस्थों से नगरीय क्षेत्र में सात दिवसीय विशेष अभियान शुरू करने के लिए कहा है। एंटी-स्मॉग गन, रोड स्वीपिंग मशीन, स्प्रे मशीन, पानी के टैंकर सहित अन्य उपकरणों से अलीगढ़ स्मार्ट सिटी रोड, दीवानी कचहरी जीटी रोड, एटा चुंगी, सूत मिल, क्वार्सी बाईपास, जमालपुर, शमशाद मार्केट, रसलगंज चौराहा, माल गोदाम रोड, आगरा रोड पर पेड़-पौधों, डिवाइडरों की धुलाई की गई। नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वह मास्क लगाकर निकलें, कूड़ा-कचरा, किसी भी पदार्थ को खुले में न जलाएं, क्योंकि इससे ही प्रदूषण हो रहा है।