श्री अग्रवाल युवा संगठन रविवार को धूमधाम से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाएगा। दोपहर दो बजे अग्रसेन महाराज की सांकेतिक शोभायात्रा कोरोना प्रोटोकॉल के तहत निकाली जाएगी। इसके साथ महायज्ञ, अभिनंदन समारोह कार्यक्रम भी होंगे। यातायात पुलिस ने शोभायात्रा के चलते रूट डायवर्जन भी किया है।
प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले महोत्सव को कोरोना प्रोटोकॉल के चलते सीमित रूप दिया गया है। श्री अग्रवाल युवा संगठन के पदाधिकारी सुबह आठ बजे महायज्ञ का आयोजन करेंगे। इसके बाद दस बजे से अभिनंदन समारोह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में अग्र समाज के सम्मानित राजनेता, उद्योगपति और समाजसेवी अतिथियों के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
जयंती उप संयोजक शरद बंसल ने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। शोभायात्रा रसलगंज चौराहे से शुरू होकर रेलवे रोड, पत्थर बाजार, मानिक चौक, अचल ताल होते हुए रामलीला मैदान में पहुंचकर समाप्त होगी। वहीं, संगठन कार्यक्रम में अग्रज्योति पत्रिका का विमोचन भी करेगा।