शहर की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी नुमाइश परिसर में शुक्रवार को होली मिलन समारोह का आयोजन होगा। तीन साल बाद यह पहला मौका है जब खूब रंग, अबीर-गुलाल उड़ेगा। सबसे खास बात है कि इस बार राजनीतिक पार्टियों व दलों से जुड़ा कोई भी कैंप दिखाई नहीं पड़ेगा। एमएलसी चुनाव के चलते आचार संहिता को देखते हुए प्रशासन ने इसके लिए अनुमति नहीं दी है।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि कोराना संक्रमण के चलते सांप्रदायिक सौहार्द व आपसी भाईचारे को लेकर होली मिलन समारोह आयोजित नहीं हो पा रहा था। इस बार कोराना संक्रमण समाप्त हो जाने के बाद इसके आयोजन के लिए डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने अनुमति प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि यहां केवल व्यावसायिक व सामाजिक संगठन ही अपने कैंप लगाकर होली मिलन समारोह आयोजित कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि करीब 40 से अधिक कैंप लगाए गए हैं। आचार संहिता के चलते राजनीतिक कैंप नहीं लगेंगे। उधर, मानव उपकार सेवा समिति के अध्यक्ष विष्णु कुमार बंटी ने अपील की है कि होली मिलन समारोह में सभी आचार संहिता का पालन करें और अपने कैंप में किसी भी दल से जुड़ा बैनर, पोस्टर, झंडा आदि न लगाएं और प्रशासन का सहयोग करें।