अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुपुर शर्मा और जिला स्तर पर डॉ. पूजा शकुन पांडेय की विवादित बयानबाजी इन दिनों सुर्खियों में है। इसे लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। खुफिया रिपोर्ट के आधार पर ऐसे 11 नेताओं को रडार पर लिया गया है, जिनके स्तर से विवादित बयानबाजी का अंदेशा रहता है।
कानपुर की घटना के बाद यह सतर्कता और ज्यादा बरती जा रही है। इन 11 नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। संबंधित थाना प्रभारियों के स्तर से भी इनसे बातचीत की गई है। पिछले कुछ समय से नेताओं के बीच एक चलन हो गया है।
वे या तो खुद मीडिया के सामने या फिर सोशल मीडिया पर इस तरह की बयानबाजी कर देते हैं, जिससे किसी न किसी स्तर पर सद्भाव में खलल पैदा होने का खतरा रहता है या फिर उस बयानबाजी पर प्रतिक्रिया होने से कानून व्यवस्था को खतरा रहता है।
इसी तरह की बयानबाजी जुमे की नमाज को लेकर रविवार को अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडेय के स्तर से की गई। इसे लेकर पुलिस प्रशासन के स्तर से कार्रवाई की गई है। चूंकि अलीगढ़ बेहद संवेदनशील शहर है।
इसलिए खुफिया रिपोर्ट के आधार पर 11 ऐसे नेता चिह्नित किए गए हैं, जिनके स्तर से विवादित बयानबाजी का अंदेशा है। पुलिस प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो इन सभी को रडार पर लेकर निगरानी कराई जा रही है। इन्हें समझाया गया है। ऐसे लोगों के पुराने रिकार्ड भी देखे जा रहे हैं। अगर जरूरत महसूस हुई तो नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
- शहर में जुमे को लेकर विशेष सुरक्षा व सतर्कता के इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को सभी निर्धारित प्वाइंटों पर पिकेट रहेगी। साथ में नमाज स्थलों पर भी पुलिस निगरानी रहेगी। सोशल मीडिया आदि पर बयानबाजी को लेकर भी निगरानी रखी जा रही है। ऐसे लोगों को थाना स्तर से समझाया जा रहा है।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
जुमे पर आज विशेष चौकसी, डीआईजी ने किया पैदल भ्रमण
कानपुर की घटना के बाद अलीगढ़ में जुमे की नमाज को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बृहस्पतिवार को डीआईजी दीपक कुमार ने पुराने शहर में कोतवाली क्षेत्र के सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील प्वाइंटों और पीएसी ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण किया।
डीआईजी दीपक कुमार दोपहर में पैदल देहली गेट के मोहल्ला खटीकान, कैलाश गली, हाथी वाला पुल, कोतवाली के सब्जी मंडी, फूल चौराहा, दही वाली गली आदि इलाकों में गए। ये वे स्थान हैं, जहां पिछले कुछ वर्षों में घटनाएं हुई हैं। यहां उन्होंने लोगों से संवाद किया।
साथ में पुलिस व पीएसी पिकेट पर तैनात कर्मचारियों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में पहुंचकर वहां बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का बारीकी से जायजा लिया और पुराने शहर के बाजारों, तंग गलियों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों से सद्भाव बनाए रखने और अफवाहों व बयानबाजी पर ध्यान न देने की अपील की।
- ये गंगा-जमुनी तहजीब का शर है। सभी लोग भाईचारे के साथ रहते हैं। ऐसे में हर आम शहरी व हमारी जिम्मेदारी है कि शहर का सद्भाव न बिगड़ने दिया जाए। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाए।-दीपक कुमार, डीआईजी रेंज
सोशल मीडिया पर अफवाह को लेकर अलर्ट, सीधे होगी जेल
जुमे की नमाज के बाद कानपुर में हुई घटना को लेकर यहां भी सोशल मीडिया पर अफवाहों को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। साफ कहा है कि अगर किसी ने अफवाह फैलाई तो उसे सीधा जेल भेजा जाएगा। पुलिस की ओर से भ्रामक संदेशों को लेकर साफ चेतावनी दी है।
कहा है कि अफवाह फैलाने, समुदायों पर टिप्पणी करने, आपत्तिजनक संदेशों को सोशल मीडिया पर वायरल, लाइक, शेयर या कमेंट करने पर जेल हो जाएगी। साथ में लोगों से अपील की है कि इस तरह की जानकारी पर पुलिस के इंचार्ज साइबर सेल 7839876377, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण 9454401012, पुलिस अधीक्षक नगर 9454401011, पुलिस अधीक्षक अपराध 9454402810 आदि के नंबरों पर शिकायत की जा सकती है।
आज बंद को लेकर अफवाहों से करें परहेज, : शहर मुफ्ती
सोशल मीडिया पर शुक्रवार को मुस्लिम संगठनों की ओर से बाजार बंद की अफवाह फैल रही है, जिसे लेकर पुलिस स्तर से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील जारी की गई है। साथ में शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने कहा कि शुक्रवार को बाजार बंद करने की अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें तनिक भी सच्चाई नहीं है।
यह केवल अफवाह है। इसलिए इन अफवाहों से परहेज करें। उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से लोग अपनी दुकानें खोलें। शहर में अमन कायम रखें। इसी क्रम में एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि अफवाहों पर लोग बिल्कुल ध्यान न दें और सांप्रदायिक सौहार्द बनाएं रखें। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ब्यूरो