न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा संसाधन बढ़ाने और तैयारियां शुरू करने संबंधी निर्देश के बाद स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में 100 बेड और कोविड डेडिकेटेड दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में 50 बेड का पीडियाट्रिक आईसीयू वार्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि सीएम के निर्देशों पर अमल करते हुए तैयारियां शुरू कराई जा रही हैं। एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का पीडियाट्रिक आईसीयू वार्ड बनाने के लिए कुलपति प्रो. तारिक मंसूर और जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रिसिंपल शाहिद सिद्दीकी पहल कर रहे हैं। जबकि दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में स्थानीय जिला प्रशासन की देखरेख में 50 बेड का पीडियाट्रिक आईसीयू वार्ड का निर्माण होगा, जिससे बच्चों को किसी भी तरह के संक्रमण से बचाया जा सके।
मंडलायुक्त ने बताया कि मंडल के सभी जिलों में कोविड कमांड सेंटरों में फोन लाइनों की संख्या की समीक्षा की जा रही है। आवश्यकतानुसार इनको स्थानीय जिला प्रशासन के माध्यम से बढ़ाया जाएगा। जिससे लोगों को तत्काल फोन पर उनकी मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध हो। उनको तत्काल मदद दी जा सके। सभी जिलाधिकारी इस पर तत्परता के साथ काम कर रहे हैं। जरूरत के अनुसार इन फोन लाइनों की संख्या 3-4 से बढ़ा कर आठ से दस तक किया जाएगा। जिससे आबादी के अनुसार हरेक बात सुनने का समुचित प्रयास हो सके।