अकराबाद को जिले की छठवीं तहसील बनाने के प्रस्ताव को जिला प्रशासन ने संस्तुति के साथ शासन को भेज दिया है। नई तहसील में कोल व अतरौली तहसील के तीन ब्लॉक, पांच थाना क्षेत्रों में आने वाले 152 गांवों की 4.32 लाख आबादी को शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है।
जिले में कोल, अतरौली, खैर, गभाना व इगलास समेत पांच तहसील हैं। जिले की सबसे बड़ी तहसील 393 गांवों वाली कोल है। इस तहसील में नगर निगम और पांच नगर पंचायतें शामिल हैं। लंबे समय से अकराबाद के ग्रामीण नई तहसील बनाने की मांग कर रहे थे। छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह ने शासन और राजस्व परिषद में इसकी जोरदार तरीके से पैरवी की थी। शासन ने जिला प्रशासन से इसका प्रस्ताव मांगा था। एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने बताया कि प्रस्तावित अकराबाद तहसील में कोल व अतरौली तहसील के 152 गांव शामिल करने का प्रस्ताव है। कोल के 91 व अतरौली के 61 गांव, ब्लॉक अकराबाद के अलावा गंगीरी व बिजौली को इसमें आंशिक रूप से शामिल किया गया है।
नई तहसील में थाना अकराबाद, विजयगढ़, बरला, गंगीरी व छर्रा को शामिल किया गया है। नई तहसील में एसडीएम के साथ एएसडीएम न्यायिक, एक तहसीलदार व अकराबाद व छर्रा समेत दो नायाब तहसीलदार के पद होंगे। यह प्रस्ताव विशेष संदेशवाहक के जरिए शासन को भेजा गया है।