कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़-मथुरा सीमा के समीप बाइक सवार देवर व भाभी में पीछे से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला का उपचार जारी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
गांव कठा विसाहुली निवासी गौरव शर्मा (20) पुत्र बच्चू शर्मा मंगलवार को अपनी भाभी लक्ष्मी देवी पत्नी विजय शंकर को बाइक से मथुरा दवा दिलाने गया था। रात करीब 10 बजे दोनों गांव लौट रहे थे। अलीगढ़-मथुरा राजमार्ग पर मथुरा बार्डर के समीप पीछे से आ रहे टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में देवर भाभी भी गंभीर रुप से घायल हो गए। गौरव हेलमेट भी नहीं पहने था। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां गौरव की मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लिया है। कोतवाल रिपुदमन सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर चोट आने से युवक की मौत हो गई। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। गौरव बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। एक वर्ष पहले सबसे छोटे भाई हरीशंकर की करंट लगने से मौत हो गई थी।