जीटी रोड हाईवे बाईपास पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार के चक्कर में हुई वाहनों की भिड़ंत में दिल्ली के सब्जी व्यापारी की मौत हो गई। इस दौरान आधा दर्जन वाहन आपस में भिड़े थे। खबर पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह घायलों को एंबुलेंस आदि वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।
वाकये के अनुसार, सुबह करीब चार बजे दिल्ली के गोकुलपुरी ओल्ड मुस्तफाबाद के 47 वर्षीय मो. शमीम पुत्र शेख अली धनीपुर मंडी सब्जी लेकर मैक्स वाहन से आ रहे थे। हाईवे बाईपास पर लोधा-बन्नादेवी बॉर्डर के गांव चिकावटी के पास मैक्स अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में घुस गई और इसी बीच पीछे से ट्रक मैक्स में जा घुसा। इसके अलावा तीन रोडवेज बसें व एक कार भी पीछे से टकरा गईं। इस दौरान मैक्स वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और शमीम व अली रजा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सब्जी व्यापारी शमीम की मौके पर मौत हो गई। इस दौरान चीख पुकार पर तमाम वाहन एकत्रित हो गए। खबर पर लोधा व बन्नादेवी पुलिस पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। सब्जी व्यापारी की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर पहचान कर परिवार को खबर दी। दोपहर में परिवार भी यहां पहुंच गया। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिवार को सौंप दिया। इस दुर्घटना में शर्मिला, अशोक निवासी कानपुर, रूबी निवासी कन्नौज, सद्दाम निवासीराठ, चालक वेदप्रकाश, राम हरि निवासी उन्नाव आदि दर्जन भर लोग जख्मी हुए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।