थाना बन्नादेवी क्षेत्र में सुरक्षा विहार के पास मंगलवार को रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी, जिसमें पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की खबर सुनकर पूरे परिवार में मातम का माहौल है।
पूनम (28) निवासी भमोला सिविल लाइन अपने पति अनिल कुमार के साथ बाजार गई थी। शाम सात बजे उन्हें रोडवेज की बस ने जीटी रोड स्थित सुरक्षा विहार के पास रौंद दिया। जिससे पूनम बस के अगले पहिये में आ गई। अनिल सड़क पर गिर गए। पहिये के नीचे आने से पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर वहां भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पूनम को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। मौके का फायदा उठाकर बस चालक फरार हो गया।