बच्चों की मौत पर विलाप करतीं परिवार की महिलाएं।
- फोटो : AKBARABAD
सोमवार को तड़के पहर करीब चार बजे जलाली मोड़ व पिलखना चौराहे के बीच सड़क पर खड़ी मैक्स से पीछे से टेंपो टकरा गया। हादसे में टेंपो सवार दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता समेत छह लोग घायल हो गए। यह सभी अलीगढ़ शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। सूचना पर पहुंचे पीआरवी कर्मियों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव शाहगढ़ निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र देवदत्त रविवार को अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में अलीगढ़ गए थे। सोमवार को तड़के पहर सभी लोग एक टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। तड़के पहर करीब चार बजे जलाली मोड़ व पिलखना चौराहे के बीच एक ईंट भट्ठे के पास सड़क पर खराब खड़ी मैक्स गाड़ी में पीछे से टेंपो जा टकराया। हादसा होते ही टेंपो सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर राहगीर रुक गए। सूचना पर पीआरवी कर्मियाें समेत पिलखना चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में सुभाष की पांच माह की पुत्री दामिनी और रिंकू का छह माह के पुत्र वेदांत की मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को अस्पताल भेजा। रिंकू, धर्मेंद्र व सुभाष पुत्रगण देवदत्त समेत सपना पत्नी सुभाष, कमलेश पुत्री देवदत्त एवं नेमश्री घायल हुए हैं। बच्चों की मौत से उनकी घायल मां समेत परिवार वालों का रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।