महानगर के जयगंज इलाके की रहने वाले अब्दुल्ला गर्ल्स स्कूल की नवीं की छात्रा बुधवार सुबह से गायब है। वह घर से स्कूल आई है और स्कूल के गेट पर रिक्शे से उतरी है। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं है। हालांकि आसपास के सीसीटीवी में स्कूल में प्रवेश करते वह दिखाई दे रही है, मगर वह अपनी कक्षा में नहीं पहुंची है। देर शाम मामले में सिविल लाइंस थाने में परिवार ने तहरीर देकर बेटी संग अनहोनी का अंदेशा जताया है।
घटनाक्रम के अनुसार जयगंज इलाके की यह 14 वर्षीय किशोरी एएमयू के अब्दुल्ला गर्ल्स स्कूल की नवीं की छात्रा है। बुधवार को वह पहले दिन ही स्कूल गई। नियत रिक्शे में दर्जन भर बच्चों के साथ वह स्कूल पहुंची। यहां स्कूल के गेट पर रिक्शा चालक ने सभी बच्चों को उतार दिया। इसके बाद छात्रा अपनी कक्षा में नहीं पहुंची, बल्कि उसकी मां के मोबाइल पर किसी का कॉल आया कि आपकी बच्ची आज थोड़ा देर से घर आएगी। उसे स्कूल की लैब में काम है। इसके बाद 12 बजे नियत समय पर छुट्टी के समय रिक्शा चालक को भी किशोरी गेट पर नहीं मिली। एक बजे तक जब किशोरी नहीं लौटी और जिस नंबर से कॉल आया, वह भी बंद मिला तो परिजन स्कूल पहुंचे, जहां कक्षा में पता चला कि वह आज कक्षा में आई ही नहीं है। इसके बाद आसपास खोज करते हुए पिता की ओर से थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें अंदेशा जताया है कि कहीं बेटी को अगवा कर उसके साथ कोई अनहोनी वारदात न हुई हो।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस प्रवेश राणा के अनुसार लापता बच्ची के संबंध में तहरीर मिली है। सुबह 7:15 बजे के आसपास बच्ची सीसीटीवी में स्कूल के गेट में प्रवेश करते दिख रही है। फिर वापस आती नहीं दिखी है। अभी तलाश किया जा रहा है। उस नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है, जिस नंबर से कॉल मां के मोबाइल पर पहुंचा था।