थाना गोधा के गांव बहादुरपुर में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। युवक की चार जुलाई को शादी होने वाली थी। जिससे परिवार में मातम छा गया।
विज्ञापन
गांव बहादुरपुर निवासी 24 वर्षीय प्रवीन 27 जून की सुबह आठ बजे के करीब धान के खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकलवाने के लिए अपने ट्रैक्टर से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रास्ते में रोड के सहारे एक खेत से मिट्टी कटी हुई थी, जिससे करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो गया था, जिसमें अचानक ट्रैक्टर का पहिया जाने से वह बेकाबू होकर पलट गया और प्रवीन उसके नीचे दब गया। बराबर के खेत में गांव का ही दीपक ट्रैक्टर चला रहा था, जिसने यह देखा तो शोर मचाया तो धान की रोपाई कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए।
काफी प्रयास के बाद निकाला जा सका प्रवीन को
काफी प्रयास करने के बाद भी ट्रैक्टर नहीं उठ सका तो दीपक ने अपके ट्रैक्टर से प्रवीन के ट्रैक्टर को ऊंचा उठाया, तब कहीं जाकर प्रवीन को उसके नीचे से निकाला गया, लेकिन तब तक प्रवीन की मौत हो चुकी थी। सूचना पर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि प्रवीन राजपूत की शादी चार जुलाई को होनी थी। परिवार में शादी का माहौल था, लेकिन जैसे ही मौत की सूचना परिवार में पहुंची तो परिवार में मातम छा गया। प्रवीन चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।