अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार की सुबह नातिन का मुंडन कराने जा रहे लोगों की वैन को लोडर वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वैन चालक और एक महिला की मौत हो गई। मासूम सहित आठ लोग घायल हो गए।
अलीगढ़ शहर के मोहल्ला सुदामापुरी निवासी मुन्नालाल के परिजनों ने बताया कि उनकी दो माह की नातिन किशोरी का मुंडन कराने के लिए परिवार के नौ सदस्य ईको वैन से राजघाट गंगा पर जा रहे थे। वह जवां के पास पहुंचे तो छतारी की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे लोडर वाहन (मैक्स) गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में राजपाल के छोटे भाई भोला की पत्नी रजनी सक्सेना (44) की मौके पर मृत्यु हो गई। थाना पुलिस ने गंभीर घायल वैन के चालक सत्यपाल (38) निवासी ककोरा नगला थाना दादों को सीएचसी पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन की हालत गंभीर
घायलों में मुस्कान, राजाराम और दो माह की ज्योति को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया है। गुनगुन,भक्ति, दिव्या, सोनू, कोमल को उपचार के बाद छुट्टी दे गई। पुलिस ने रजनी व सत्यपाल के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी हेमंत मावी ने बताया कि मैक्स को कब्जे में ले लिया है,चालक भाग गया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।