थाना गंगीरी क्षेत्र के गांव मनेंना निवासी धर्मेंद्र कुमार (30) पुत्र रामसिंह ने पत्नी से झगड़े के चलते घर की छत पर लगे कुंडे पर रस्सी का फंदा लगा कर जान दे दी। 10 अप्रैल शाम सात बजे हुई इस घटना से परिवार में रोना बिलखना शुरू हो गया। पत्नी ने रस्सी काटी तो युवक का शव जमीन पर गिरा। परिवार वालों ने गांव के ही एक युवक से पत्नी के अवैध संबंध होने के चलते युवक द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने यही आरोप लगा कर शव नहीं उठने दिया। इधर, पत्नी रोते-रोते बेहोश हो गई।
मृतक धर्मेंद्र के परिवार वालों ने बताया कि पत्नी गांव के ही युवक के साथ एक बार तीनों बच्चों को छोड़ कर भाग चुकी है। 10 अप्रैल को धर्मेंद्र शाम साढ़े चार बजे अतरौली से दवा लेकर आया और घर में ही लेट गया। सात बजे के करीब धर्मेंद्र की पत्नी रोने लगी तो परिजनों ने देखा तो धर्मेंद्र का शव जमीन पर पड़ा था। गांव का वही युवक गली में घूम रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की तो परिवार वालों ने शव नहीं उठने दिया। कहा कि पहले उस गांव के आरोपी युवक को पकड़ो तब शव उठेगा। कहासुनी के बाद लगभग पौने दस बजे उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। धर्मेंद्र ने एक बेटा, दो बेटियों सहित परिवार वालों को रोते बिलखते छोड़ा है।